शहर के वार्डों में रविवार को छुट्टी वाले दिन आग लगाकर निष्पादित किया जा रहा कचरा
लोगों की सेहत को बिगाड़ रहा धुआं, पर्यावरण पर भी पड़ रहा विपरीत असर
शहर के कचरे को वैज्ञानिक तरीके से निष्पादित करने के बजाय आग के हवाले कर वायु प्रदूषण फैलाया जा रहा है। ऐसा कर सफाई ठेकेदार मौज कर रहे हैं, वहीं आसपास के लोगों के स्वास्थ्य पर प्रदूषित धुएं का बुरा असर पड़ रहा है।
मुगला से लेकर शहर के मुख्य बाजार में छुट्टी वाले दिन कचरे को आग लगाकर निष्पादित किया जा रहा है। हैरानी की बात है कि आज तक आग लगाने वालों को कोई भी नहीं पकड़ पाया है। इससे यह तो साफ होता है कि आग लगाने वाले किसी के इशारे पर ही इस कार्य को अंजाम दे रहे हैं।
-
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। दिन : रविवार, समय : 10:30 बजे, स्थान : नगर परिषद के हरदासपुरा वार्ड का हरदासपुरा मोहल्ला, कचरे के ढेर में आग सुलग रही है। इससे निकलने वाला धुंआ आसपास रहने वाले लोगों के घरों में पहुंच रहा है। राहगीरों को गुजरते समय सांस लेने में तकलीफ हो रही है। आग की लपटें तो उठ रही हैं लेकिन आग भड़काने वाले गायब हैं। 10:40 बजे संजय शर्मा वहां से गुजरे। उनसे आग के बारे में पूछा तो बोले- सोमवार से शनिवार तक यहां कचरा इकट्ठा किया जाता है। रविवार को इसे आग के हवाले कर दिया जाता है। यह आग कौन लगाता है, इसका किसी को पता नहीं। 10:50 बजे नरेंद्र कुमार पहुंचे। बातचीत में उन्होंने कहा कि कचरे में आग लगाकर वातावरण को प्रदूषित किया जा रहा है। इसे रोकने के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने की जरूरत है। टीम 11 बजे शहर के धड़ोग मोहल्ला में पहुंची। वहां भी चारों तरफ धुआं फैला था। नजदीक जाकर देखा तो कचरे के ढेर में आग लगी थी। वहां से गुजर रहे हरीश कुमार से बात करने पर उन्होंने बताया कि हर रविवार को कचरे में आग लगाई जाती है। इस बारे में स्थानीय लोग प्रशासन और नगर परिषद को भी बता चुके हैं लेकिन आज तक न तो आग लगाने वाला पकड़ा गया और न ही यह कारगुजारी बंद हुई।
उधर, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक अभियंता राहुल शर्मा ने बताया कि कचरे में आग लगाने को लेकर जल्द नगर परिषद से जवाब-तलब किया जाएगा।