धरवाला (चंबा)। विकास खंड मैहला की 42 पंचायतों में देश और प्रदेश की विभिन्न जगहों से 1211 लोग पहुंचे हैं। इन लोगों को 28 दिनों के लिए होम क्वारंटीन में रहने के आदेश दिए हैं। इतना ही नहीं, इनके घरों की दीवारों पर पोस्टर भी लगाए गए हैं। होम क्वारंटीन में रहने वाला कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक जगह पर घूमता पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विकास खंड मैहला की 42 पंचायतों में से कूंर पंचायत में सबसे अधिक 198 व्यक्ति बाहरी राज्यों और जिलों से पहुंचे हैं। इसके अलावा किलोड से 128 और छतराड़ी पंचायत से 74 लोग पहुंचे हैं। सभी लोगों को होम क्वारंटीन के लिए कहा गया है। पंचायत प्रतिनिधियों और सचिवों को आदेश दिया है कि बाहर से आए व्यक्तियों का होम क्वारंटीन सुनिश्चित करें। साथ ही उनकी निगरानी भी करें। इस दौरान कोई व्यक्ति घर से बाहर घूमता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खंड विकास अधिकारी मैहला केसी ठाकुर का कहना है कि सभी पंचायत प्रतिनिधियों, सचिवों को होम क्वारंटीन का पालन करवाने के निर्देश दिए गए हैं।