चुराह (चंबा)। भारी बारिश और बर्फबारी से चुराह में 38 सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इससे लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। बारिश के कारण कई सड़कों पर भूस्खलन हुआ, जबकि कुछ स्थानों पर डंगे भी ढह गए।
हाल ही में हुई मूसलधार बारिश से चंबा के चुराह क्षेत्र में सड़कें गिरे मलबे और भूस्खलन होने के कारण यातायात बाधित हो गईं थी। हालांकि पीडब्ल्यूडी ने युद्धस्तर पर कार्य कर वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी है। सड़कों की मरम्मत कार्य सरकार से बजट मिलने के बाद शुरू किया जाएगा। विभाग ने नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट सरकार को भेज दी है, ताकि जल्द फंड जारी किया जा सके।
पीडब्ल्यूडी चुराह के अधिशासी अभियंता जोगिंद्र सिंह ने बताया कि भारी बारिश से विभाग को एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। सड़कों को हुए नुकसान की रिपोर्ट सरकार को भेज दी गई है, और बजट मिलते ही मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा।