चंबा में केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए कानून को लेकर हड़ताल के चलते खड़े ट्रक।संवाद
चंबा। हड़ताल के बीच पेट्रोल और डीजल के लिए मंगलवार सुबह से ही जद्दोजहद शुरू हो गई। भीषण ठंड के बीच सुबह ही लोग पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए थे।
देर रात पर पंपों पर ईंधन भरवाने के लिए वाहनों की लंबी लाइनें लगी रहीं। सुल्तानपुर स्थित पंप पर भी सुबह करीब दस बजे लोग पहुंच गए थे। स्थिति ऐसी बन गई कि मौके पर पुलिस बल को बुलाना पड़ा। पुलिस कर्मचारियों ने वाहन चालकों को खड़ा कर बारी-बारी से तेल भरवाने के लिए भेजा। इस दौरान जाम की समस्या भी बन गई।
भद्रम स्थित पेट्रोल पंप में ईंधन खत्म हो चुका है। सुल्तानपुर और जुलाहकड़ी स्थित पेट्रोल पंप भी खाली हो गए हैं। लोगों को वाहनों में डीजल और पेट्रोल डलवाने के लिए खूब जद्दोजहद करनी पड़ी। दूसरी तरफ, पेट्रोल पंपों में 500 का तेल मांगने पर चालकों को 200 से 300 रुपये का पेट्रोल मिल सका। गौरतलब है कि पेट्रोल पंपों में नियमित रूप से पहले गाड़ियां पहुंचती थीं, मगर चालकों की हड़ताल के चलते यह किल्लत पेश आई है। बुधवार को तेल की गाड़ियों के आने की संभावना है। ऐसे में बुधवार तक यह आपूर्ति हो सकती है। प्रशासन ने भी फीलिंग स्टेशन मालिकों को जरूरी दिशा निर्देश जारी किए हैं।