22 साल से चल रही चंबा-होली-न्याग्रां बस बहाल करने की मांग
विभिन्न पंचायतों के लोगों ने प्रदर्शन कर तहसीलदार के माध्यम से सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
होली (चंबा)। चंबा-होली-न्याग्रां रूट पर करीब 22 वर्षों से चल रही रात्रि बस सेवा बंद होने के विरोध में शुक्रवार को क्षेत्रवासियों ने प्रदर्शन किया। दोपहर करीब तीन बजे विभिन्न पंचायतों के लोग होली बस स्टैंड के ऊपर एकत्रित हुए और सेवा बहाल करने की मांग को लेकर नारेबाजी की।
इसके बाद उन्होंने तहसीलदार होली के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से बस सेवा दोबारा शुरू करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन में भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक कुमार ठाकुर, रंजीत, राजेश कुमार, लता देवी, कल्पना देवी, राजेश, बबलू, अशोक कुमार, प्रेमचंद और रतन लाल सहित विभिन्न पंचायतों के लोग शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह बस सेवा पिछले 20 से 22 वर्षों से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की सुविधा दे रही थी। इसे बंद करने से ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। लोगों ने प्रशासन से चंबा-होली-न्याग्रां रूट पर रात्रि बस सेवा जल्द बहाल करने की मांग की। नायब तहसीलदार देवेंद्र गर्ग ने बताया कि उन्हें लोगों का ज्ञापन मिला है। इस मामले से डीडीएम चंबा को अवगत करवाया जाएगा।