छह महीने से परेशानियां झेल रहे हैं ग्रामीण क्षेत्रों के बाशिंदे
यात्रियों के साथ विद्यार्थियों को झेलनी पड़ रही है परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। चंबा से मंगलेरा के लिए चलने वाली एकमात्र सरकारी बस सेवा बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
परिवहन निगम ने बसों की कमी का हवाला देते हुए इस रूट पर बस संचालन लगभग छह महीने पहले बंद कर दिया है।
बता दें कि सुबह साढ़े छह बजे चंबा के लिए रवाना होने वाली यह बस न केवल आम यात्रियों के लिए, बल्कि स्कूली विद्यार्थियों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण थी। यह बस समय पर स्कूल-कॉलेज पहुंचने का प्रमुख साधन थी लेकिन इसके बंद होने के बाद विद्यार्थियों को अब निजी बसों या अन्य वाहनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है जिससे वे अक्सर देर से पहुंच रहे हैं।
यात्रियों में चैन लाल, मोहन कुमार, सुशील कुमार, मनोज कुमार, दीवान चंद, दीपक कुमार और केशव कुमार ने बताया कि यह पुराना और महत्वपूर्ण रूट करीब दस पंचायतों को जोड़ता है। बस सेवा बंद होने से ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। मरीजों, नौकरीपेशा लोगों और विद्यार्थियों सभी को अब अतिरिक्त समय और खर्च का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने परिवहन निगम से मांग की है कि इस रूट पर जल्द सरकारी बस सेवा बहाल की जाए। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में पहले से ही परिवहन सुविधाएं सीमित हैं। ऐसे में किसी भी रूट का बंद होना सीधे जीवन पर असर डाल रहा है। उधर, एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह का कहना है कि फिलहाल बसों की कमी चल रही है। नई बसें आएंगी तो इस रूट पर भेज दी जाएंगी।