पिकनिक मनाते निजी स्कूल के बच्चे।
चंबा। जिले के निजी स्कूल बच्चों की सुरक्षा को लेकर कितने जिम्मेदार हैं, इस बात का खुलासा शनिवार को उस समय हुआ, जब शहर के निजी स्कूल के बच्चों को स्कूल स्टाफ जोखिमपूर्ण रास्ते से पिकनिक पर ले गया।
यह स्कूल शहर के साथ लगता है। हैरानी की बात है कि जिस रास्ते से इन बच्चों की आवाजाही करवाई गई, उस रास्ते में एक तरफ गहरी खाई है तो दूसरी तरफ नालियां हैं। रास्ता भी काफी संकीर्ण है। विभाग भी इस बात से अनजान है।
शनिवार को शहर के साथ लगते एक स्कूल ने पिकनिक का आयोजन किया। बच्चों को मुगला के श्मशानघाट के लिए जाने वाले रास्ते से गुजारा गया। इसी के साथ स्थित मैदान में बच्चों ने पिकनिक और खेलकूद की, लेकिन जिस रास्ते से बच्चों की आवाजाही करवाई गई। इस रास्ते से आवाजाही करना खतरे से खाली नहीं है। स्थानीय लोग भी स्कूल प्रबंधन की इस लापरवाही को देखकर हैरान हैं।
गौरतलब है कि अधिकतर निजी स्कूलों के पास आने मैदान नहीं होते हैं। ऐसे में मान्यता प्राप्त करने के लिए खाली जमीन दर्शा देते हैं। संभवतया स्कूल प्रबंधन ने इसे खेल का मैदान कागजों में दिखाया होगा, मगर इस मैदान तक पहुंचना बच्चों को जान जोखिम में डालने से कम नहीं है। उधर, कार्यवाहक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुमन कुमार मिन्हास ने बताया कि यह मामला ध्यान में है। कहा कि इस मामले को लेकर स्कूल प्रबंधन से जवाब तलब किया जाएगा।