रावमापा कूंर के विद्यालय में बंद पड़े गेट पर लटका ताला।
- फोटो : Chamba
चंबा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कूंर के प्रधानाचार्य और अध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। औचक निरीक्षण पर पहुंचे जिला शिक्षा उपनिदेशक ने स्कूल परिसर में ताला लटका होने और प्रधानाचार्य सहित अध्यापक नदारद पाए जाने पर यह कार्रवाई की है। नोटिस में साफ किया गया है कि संतोषजनक उत्तर न मिलने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उपनिदेशक के स्कूलों के औचक निरीक्षण पर पहुंचने की भनक से स्टाफ में हड़कंप मच गया।
शिक्षा विभाग के पास अब कोविड काल में मिली रियायतों में प्रधानाचार्य और अध्यापक के स्कूलों से नदारद रहने की शिकायतें पहुंच रही हैं। शिकायतों के आधार पर अब उप निदेशक की अगुवाई में टीम स्कूलों का औचक निरीक्षण कर रही है। मंगलवार को टीम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छतराड़ी और कूंर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छतराड़ी में व्यवस्था सही पाई गई जबकि, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कूंर में प्रधानाचार्य और अध्यापक नदारद पाए गए। स्कूल में ताला लगा था, जिस आधार पर प्रधानाचार्य और अध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
औचक निरीक्षण करने पहुंची टीम में जिला शिक्षा उपनिदेशक प्यार सिंह चाढ़क, ग्रेड-वन सुपरिंटेंडेंट एनडी शर्मा, सुपरिंटेंडेंट ग्रेड-टू सीआर भारद्वाज और जूनियर असिस्टेंट दर्शन सिंह मौजूद रहे। उच्च शिक्षा उपनिदेशक ने कहा कि प्रधानाचार्यों और मुख्य अध्यापकों को पहले ही निर्देश दिए गए हैं कि वह आवश्यकतानुसार कोविड -19 नियमों का पालन करते हुए स्टाफ को विद्यालयों में बुलाएं और ऑनलाइन व ऑफलाइन कक्षाओं की समीक्षा करें, जिससे बच्चों को किसी प्रकार की समस्या से न जूझना पड़े।
जवाब संतोषजनक न होने पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
उच्च शिक्षा उपनिदेशक प्यार सिंह चाढ़क ने बताया कि मंगलवार को औचक निरीक्षण के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छतराड़ी में व्यवस्थाएं सही पाई गई। जबकि, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कूंर में प्रधानाचार्य और स्टाफ के नदारद रहने और स्कूल में ताला लटका पाया गया। इस पर प्रधानाचार्य को नोटिस जारी किया गया है। जवाब संतोषजनक न होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।