परसि यारा पंचायत में आग लगने के बाद क्षमिग्रस्त घर की छत व सामान।
- फोटो : Chamba
सिहुंता (चंबा)। ग्राम पंचायत परसियारा के गांव चिखू नाला में आग लगने से गोशाला सहित दो मंजिला मकान आग की भेंट चढ़ गया। प्रभावितों की पहचान उज्जल और घनिया पुत्र गिटू के रूप में हुई है। आधी रात को मकान में लगी आग से उठे धुएं को देखकर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की चीखोपुकार सुनकर मकान के भीतर सो रहे प्रभावित परिवार के सदस्यों ने जैसे-तैसे बाहर भाग कर अपनी जान बचाई। अग्निकांड से प्रभावित को करीब तीन लाख के नुकसान का अनुमान है। सूचना मिलने के बाद पंचायत प्रधान और भाजपा मोर्चा जिलाध्यक्ष पवन कुमार ने प्रभावितों के घर का मुआयना कर प्रशासन से उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करने की मांग की है। मकान में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के मुताबिक चिखू नाला निवासी उज्जल और घनिया रोजमर्रा की तरह सोमवार रात परिवार संग खाना खाकर सो गए। आधी रात करीब एक बजे मकान से धुआं उठने लगा। मकान से उठता धुआं देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की आवाजें सुन उज्जल और घनिया का परिवार भी उठ गया। उन्होंने मकान से बाहर निकलकर अपनी जानें बचाई। ग्रामीणों ने समय न गंवाते हुए गोशाला में बंधे मवेशियों को भी खोलकर छोड़ दिया। देर रात ग्रामीणों ने डंडों, मिट्टी और पानी की बाल्टियां लेकर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन, प्रचंड आग से देखते ही देखते मकान और भीतर रखा सारा सामान राख हो गया।
पंचायत प्रधान परसियारा रूमला देवी ने कहा कि अग्निकांड से उज्जल और घनिया का मकान जल कर राख हो गया है। कहा कि मकान के भीतर रखा सारा सामान भी जल गया है। प्रभावितों ने अब पड़ोसियों के घरों में शरण ली है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावितों को हरसंभव सहायता प्रदान करने की मांग उठाई है।