चंबा। जिले के 189 स्कूलों में प्री-नर्सरी कक्षाएं आरंभ होंगी। इसके लिए बाकायदा जिला परियोजना अधिकारी (समग्र शिक्षा) जिला चंबा की ओर से स्कूल प्रभारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निर्देशों में साफ तौर पर बताया गया है कि नर्सरी में तीन से अधिक और केजी में चार वर्ष से अधिक आयुवर्ग के बच्चे के दाखिल होंगे। इतना ही नहीं दाखिले शुरू करने से पूर्व स्कूल प्रभारियों को स्कूल प्रबंधन समिति की बैठक बुलानी होगी। साथ ही अधिक से अधिक प्री-नर्सरी में दाखिले हों, इसके लिए स्कूल विद्यार्थियों और एसएमसी के सहयोग से जागरुकता रैली तक निकाली जा सकती है।
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार की ओर से हर वर्ष नए स्कूलों में प्री-प्राइमरी की कक्षाएं आरंभ करने के लिए नए स्कूल चयनित किए जाते हैं। इसी के तहत शैक्षणिक सत्र 2023-24 में जिला चंबा के 189 स्कूलों का चयन किया गया है। इसके तहत स्कूलों में यथाशीघ्र दाखिला प्रक्रिया पूरी करके बच्चों की पढ़ाई का काम समय रहते शुरू किया जा सके। दाखिले से पूर्व स्कूल प्रबंधन समिति की आम सभा की बैठक अनिवार्य होगी। बैठक में अभिभावकों के साथ विचार विमर्श कर उन्हें अपने बच्चों को प्री-प्राइमरी में दाखिल करवाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके अलावा यथासंभव एसएमसी के सहयोग से घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क किया जा सकता है। स्कूल प्रभारियों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे बच्चे के अभिभावक की ओर से अपने नजदीक सरकारी प्राथमिक स्कूल में नर्सरी व केजी कक्षा में प्रवेश के लिए प्रवेश भरना होगा। अध्यापक की ओर से नामांकित बच्चों के दाखिला फार्म, संबंधित दस्तावेजों के साथ फाइल करने, बच्चों के प्रवेश संबंधित जानकारी नामांकन साइट पर अध्यापक की ओर से उपलब्ध ऑनलाइन फार्म पर अपलोड करने, नर्सरी और केजी के लिए अलग से दाखिला रजिस्टर लगाना, हर बच्चे का सही रिकॉर्ड रखने, नर्सरी में की गई एडमिशन को ही आगे निरंतर करने समेत हर बच्चे की दैनिक उपस्थिति पंजिका लगाना अनिवार्य रहेगा। डाइट सरू के जिला परियोजना अधिकारी (समग्र शिक्षा) सुमन कुमार मिंहास ने खबर की पुष्टि की है।