संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। ग्रीष्मकालीन सत्र के सरकारी स्कूलों की पहली प्री बोर्ड परीक्षाएं अब दस जनवरी से होगी। उच्च शिक्षा विभाग ने 11 जनवरी को दूसरे शनिवार की छुुट्टी के चलते डेटशीट में बदलाव किया है। दस जनवरी को प्री बोर्ड परीक्षाएं शुरू होंगी और 18 जनवरी तक चलेंगी।
प्री बोर्ड परीक्षाओं की समयसारिणी सुबह दस बजे से एक बजे तक है। विभाग की ओर से इस संदर्भ में ग्रीष्मकालीन सत्र के स्कूल प्रमुखों को पत्र जारी किया गया है। इसके साथ ही परीक्षाओं का आयोजन सलीके से करने के आदेश दिए हैं।
नई डेटशीट के मुताबिक दस जनवरी को इंग्लिश, 13 जनवरी को फिजिक्स, 15 जनवरी को बायोलॉजी, 16 जनवरी को गणित और 18 जनवरी को कैमिस्ट्री की परीक्षा होगी।
शिक्षा विभाग की ओर से प्री बोर्ड परीक्षाओं के संदर्भ में प्रश्नपत्र संबंधित अप्पर प्राइमरी बीआरसीसी को भेज दिए हैं। प्री बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्नपत्र टास्क फोर्स ने तैयार किए हैं। प्री बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन के बाद परिणाम भी स्कूल प्रमुखों को उच्च शिक्षा विभाग के कार्यालय भेजना होगा।
जिससे शिक्षा विभाग यह पता लगा सके कि प्री बोर्ड परीक्षाओं के बाद रिजल्ट प्रतिशतता में सुधार है या नहीं। इसके लिए एक सप्ताह का समय स्कूल प्रमुखों को दिया गया है। उच्च शिक्षा उपनिदेशक चंबा देवेंद्र पॉल ने खबर की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि माह का दूसरा शनिवार होने के चलते 11 जनवरी के जगह अब दस जनवरी को ग्रीष्मकालीन सत्र के सरकारी स्कूलों की प्री बोर्ड परीक्षाएं होंगी। उन्होंने कहा कि इस बारे में स्कूलों को आदेशित कर दिया गया है।