चंबा। डाक विभाग चंबा एक साल में 15,000 नए खाते खोलेगा। जिले में महिला सम्मान समृद्धि योजना के तहत विभागीय निदेशालय की ओर से डाक विभाग को खाते खोलने का लक्ष्य दिया गया है जिसे विभाग को 2025 तक किसी भी सूरत में पूरा करना होगा। इसमें महिलाओं को साढ़े सात प्रतिशत ब्याज मिलेगा। एक हजार रुपये से लेकर दो लाख तक का खाता इस योजना के तहत खोल सकते हैं। यह योजना सिर्फ दो साल तक की होती है। इसके बाद खाताधारक बैंक से पैसे निकाल सकते हैं।
गौरतलब है कि डाक विभाग की ओर से महिलाओं के लिए महिला सम्मान बचत पत्र योजना शुरू की गई है। इसमें 7.5 फीसदी ब्याज मिलता है। हर वर्ष डाक विभाग चंबा को इस योजना के तहत खाते खोलने का लक्ष्य मिलता है। इस योजना में महिलाएं या लड़कियां 1,000 से लेकर अधिकतर दो लाख तक की राशि जमा कर सकती हैं। योजना की अवधि दो साल है, हालांकि इसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है। महिला सम्मान बचत पत्र योजना के तहत कई खाते खोले जा सकते हैं। इसकी अधिकतम सीमा दो लाख रुपये तक निर्धारित की गई है। साथ ही खाता खोलने के छह माह के बाद खाता बंद भी किया जा सकता है। महिला सम्मान बचत पत्र योजना में आवेदन के लिए सभी महिलाएं पात्र हैं। 10 साल या उससे अधिक आयु की बच्ची का भी खाता खोला जा सकता है। इसमें आवेदन के लिए आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, ईमेल आईडी और फोन नंबर होना जरूरी है।
डाक विभाग चंबा के अधीक्षक संजय कुमार का कहना है कि उन्हें महिला सम्मान बचत पत्र योजना के तहत 15,000 खाते अगले वर्ष मार्च तक खोलने का टारगेट मिला है। कहा कि उन्हें हर वर्ष टारगेट मिलते हैं जिन्हें वे निर्धारित समय तक पूरा करते हैं।