चंबा। जनजातीय क्षेत्र भरमौर और पांगी में स्वास्थ्य सुविधा मुहैया करवाने के नाम पर सरकार लोगों के साथ मजाक कर रही है। इसको लेकर पांगी व भरमौर की जनता में काफी नाराजगी है।
हाल ही में सरकार ने पांगी अस्पताल से एक डॉक्टर का तबादला भरमौर अस्पताल में कर दिया है। पांगी में पहले से डॉक्टरों की कमी चल रही है। इस तबादले के विरोध में पांगी वासी सड़कों पर उतर आए हैं। भरमौर वासी इस तबादले को लेकर अपनी नाराजगी जता रहे हैं। भरमौर के लोगों का कहना है कि एक जनजातीय क्षेत्र से सुविधा छीनकर दूसरे जनजातीय क्षेत्र में देना तर्क संगत नहीं है। सरकार को बड़े स्वास्थ्य संस्थानों में जहां डॉक्टरों की भरमार है। वहां से डॉक्टरों के तबादले भरमौर व पांगी के लिए करने चाहिए, लेकिन सरकार ऐसा नहीं करके जनजातीय क्षेत्र की जनता को ठगने का प्रयास कर रही है।
भरमौर के स्थानीय निवासी त्रिलोक सिंह, सुरेंद्र शर्मा, योगराज, नरेंद्र ठाकुर, ललित कुमार, हंसराज, केवल और प्यार सिंह ने बताया कि किलाड़ व भरमौर अस्पताल में पहले से डॉक्टरों की भारी कमी है। ऐसे में सरकार को इन अस्पतालों में तैनात डॉक्टरों का तबादला करने के बजाय वहां नई तैनाती करनी चाहिए। हैरानी इस बात की है कि इस मुद्दे पर भरमौर के विधायक भी चुप्पी साध कर बैठे हैं।