चंबा। जनजातीय क्षेत्र पांगी के नागरिक अस्पताल किलाड़ में कार्यरत चिकित्सक की उनके आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद फोरेेंसिक टीम की निगरानी में अब मेडिकल कॉलेज चंबा में पोस्टमार्टम होगा। इतना ही नहीं, पोस्टमार्टम संबंधी औपचारिकताओं में देरी होने को लेकर आवासीय आयुक्त तलख हो उठी है। उन्होंने किलाड़ अस्पताल के बीएमओ को शो-कॉज नोटिस जारी कर दिया है। सुबह 11:00 बजे चिकित्सक के शव को लेकर पुलिस टीम वाया साच होकर चंबा के लिए रवाना हुई। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। किलाड़ अस्पताल में तैनात चिकित्सक की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई।
मृतक चिकित्सक की पहचान डॉक्टर रविंद्र निवासी उलांसा तहसील भरमौर के रूप में हुई है। बीते शनिवार को रात 9:00 बजे तक अपनी डयूटी देने के बाद अस्पताल से कुछ दूरी पर स्थित अपने आवास में चला गया। रविवार को उनका किसी के साथ संपर्क नहीं हुआ। सोमवार को सुबह जब सुबह 12:00 बजे तक ओपीडी में नहीं पहुंचा तो अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें फोन करके संपर्क साधने का प्रयास किया। लेकिन उनका फोन किसी ने भी नहीं उठाया। इसके बाद जब अस्पताल का स्टाफ उनके आवास में पहुंचा तो कमरे के दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर जाकर आवास का दरवाजा तोड़ा तो अंदर चिकित्सक बेसुध पड़ा था। वहां पर पहुंचे अन्य चिकित्सकों ने जब उसकी नब्ज चेक की तो वह मृत मिला। जिसके बाद मंगलवार तक शव को पोस्टमार्टम के लिए चंबा न भेजे जाने और कार्य में लापरवाही बरतने पर आवासीय आयुक्त ने बीएमओ किलाड़ को शो-कॉज नोटिस जारी कर अपना पक्ष स्पष्ट करने के निर्देश जारी किए हैं। खैर, खबर लिखे जाने तक शव मेडिकल कॉलेज चंबा नहीं पहुंच पाया है।
इनसेट
आवासीय आयुक्त रीतिका जिंदल ने खबर की पुष्टि की है। बताया कि मेडिकल कॉलेज चंबा में फोरेंसिक टीम की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम होगा। पोस्टमार्टम संबंधी औपचारिकताओं को पूरा करने और शव चंबा भेजे जाने के कार्य में लापरवाही बरतने पर बीएमओ किलाड़ को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है।