दीपावली के चलते स्थानीय व्यवसायियों ने शहर की सड़कों पर बिक्री के लिए अपना सामान रख कर अतिक्रमण करना शुरू कर दिया है। इससे लोगों व वाहनों की आवाजाही में दिक्कत आने के साथ-साथ किसी भी समय दुर्घटना होने का अंदेशा बना हुआ है।
इसे रोकने के लिए सिटी पुलिस चौकी के जवानों ने स्थानीय बाजार में सोमवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जिसे देखकर व्यवसायियों में हड़कंप मच गया। कइयों ने तो अपना सामान समेट लिया लेकिन जो हड़बड़ा कर रह गए उन्हें कानूनी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। हालांकि पुलिस ने कुछेक को अंतिम चेतावनी देकर छोड़ दिया।
गौरतलब है कि त्योहारों के समय ग्राहकों की भीड़ को रिझाने के लिए व्यवसायी अपने उत्पादों की चमक दिखाने के लिए उन्हें मुख्य सड़क पर रख देते हैं जिससे पैदल और वाहनों की आवाजाही में दिक्कतें पेश आती हैं। कई बार इससे लोग चोटिल भी हो चुके हैं।
इस संबंध में सिटी चौकी प्रभारी राजेंद्र वालिया ने बताया कि अगर व्यवसायी इस अनियमितता को नहीं छोड़ते हैं तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।