चंबा। जिन पाइपों से लोगों की प्यास बुझनी चाहिए, वे ही कई मोहल्लों में गंदी नालियों के बीच से गुजर रहे हैं। शहर के जनसाली, हरदासपुरा, सुल्तानपुर, सपड़ी, जुलाहकड़ी और कड़ाकड़ा में पेयजल लाइनें कहीं नालियों के भीतर दबी हैं तो कहीं खुले में पड़ी हैं। कई जगह पुराने पाइप क्षतिग्रस्त होकर लीक हो रहे हैं।
ऐसे में नालियों की गंदगी का पेयजल लाइन में प्रवेश करने का खतरा बना हुआ है। स्वच्छ पानी की आपूर्ति के दावों के बीच यह स्थिति लोगों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ा रही है।
पाइपों में लीकेज होने पर नालियों का दूषित पानी पेयजल लाइन में प्रवेश कर सकता है। बरसात के दौरान नालियां भरने पर पाइप गंदे पानी में डूब जाते हैं। ऐसे में घरों तक पहुंचने वाले पानी के दूषित होने की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता। मेडिकल विशेषज्ञ भी दूषित पानी को पेट संबंधी संक्रमण और जलजनित बीमारियों का कारण मानते हैं। नालियों के भीतर दबे पेयजल पाइपों को बदलने के लिए छह करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके लिए प्रस्ताव पिछले वर्ष सरकार को भेजा था। फिलहाल शहर के बीच स्थित मोहल्लों की गलियों में पाइप बदले जा रहे हैं, जबकि आसपास के कई मोहल्लों में पुरानी व्यवस्था कायम है।
हरदासपुरा वार्ड के मुगला मोहल्ला में गंदी नालियों में अटी पीने के पानी की पाईपें। संवाद।