जिला प्रशासन, पुलिस और विधायकों समेत सोशल मीडिया पर कर रहे अपनों की तलाश की गुहार
प्राकृतिक आपदा के बाद से नहीं हो पाया है किसी प्रकार का कोई संपर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। पवित्र मणिमहेश यात्रा पर गए कई श्रद्धालुओं का अब तक कोई सुराग या खैर-खबर न मिलने से परिजनों की चिंताएं बढ़ गई हैं। लगातार हो रही बारिश और प्राकृतिक आपदा के चलते रास्ते बंद होने के कारण उनसे संपर्क पूरी तरह टूट गया है। हालात ऐसे हैं कि घरों में बैठे परिजन अपनों की सलामती की दुआ कर रहे हैं और उनकी आंखें राह तकते-तकते पथरा गई हैं। यात्रा पर गए परिवार के सदस्यों की कोई खैर-खबर न होने से परेशान परिजन जिला प्रशासन, पुलिस, स्थानीय विधायकों से लेकर सोशल मीडिया पर भी अपनों की तलाश को लेकर गुहार लगा रहे हैं। मगर अब तक किसी भी तरह का संपर्क स्थापित नहीं हो पाया है।
मणिमहेश यात्रा पर देश के कोने-कोने समेत प्रदेश के कर जिल से श्रद्धालु हर साल घरों से कूच करते हैं। लेकिन, इस बार प्राकृतिक आपदा के बाद से भरमौर-पठानकोट हाईवे, सड़कें और मोबाइल नेटवर्क बाधित होने के कारण लोगों का अपने परिजनों से संपर्क पूरी तरह से टूट गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी की खबर का परिजन बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यहीं, वजह है कि परिजन किसी न किसी प्रकार से अपनों से बात करने उनकी खैर-खबर पूछने के लिए हर प्रयास करने से पीछे नहीं रह रहे हैं। इतना ही नहीं, परिजनों की कोई भी खबर न मिलने से कई घरों में तो कई दिनों से खाना तक नहीं बना हैं। एडीएम चंबा अमित मैहरा का कहना है कि मौसम की परिस्थितियों पर नजर रखी जा रही है और हालात सामान्य होते ही रुके हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने की पूरी कोशिश की जाएगी।