सुल्तानपुर (चंबा)। भरमौर-पठानकोट हाईवे पर बालू के समीप हाईवे किनारे रेत-बजरी के ढेर हादसों को न्योता दे रहे हैं। ये गृह निर्माण सामग्री राहगीरों और वाहनों के लिए बाधा उत्पन्न कर रही है। खासकर तीखे मोड़ों और तंग हिस्सों पर वाहनों का संतुलन बिगड़ने और गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। हैरानी की बात है कि हाईवे प्रबंधन की ओर से भी इसे यहां से हटाया नहीं जा सका है। स्थानीय लोगों ने हाईवे प्रबंधन के अधिशासी अभियंता से मांग उठाई है कि रेत-बजरी के ढेर को यहां से जल्द हटवाया जाए।
स्थानीय ग्रामीणों अमित कुमार, रमेश कुमार, कन्हैया राम, प्रकाश चंद, अशोक कुमार, राजीव कुमार, प्रमोद कुमार आदि ने बताया कि बालू के समीप रेत-बजरी के ढेर हादसे को न्योता दे रहे हैं। प्रबंधन को हाईवे किनारे रेत-बजरी के ढेर लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। हाईवे प्रबंधन के अधिशासी अभियंता जोगेंद्र शर्मा ने बताया कि जल्द समस्या का समाधान करवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।