खज्जियार (चंबा)। गेट-खज्जियार मार्ग पर मिट्टी के ढेर कभी भी वाहन दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। ठेकेदार ने सड़क की कटिंग कर मिट्टी को अभी तक नहीं उठाया है।
इस कारण वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। हैरानी की बात है कि प्रशासन से लेकर विभागीय अधिकारी आए दिन खज्जियार चले रहते हैं लेकिन कोई भी इन ढेरों को साफ करवाने के लिए ठेकेदार को निर्देश देने की हिम्मत नहीं करता। यही वजह है कि पिछले कई महीनों से ये ढेर वाहन चालकों और राहगीरों के लिए परेशानी बनकर पड़े हैं। लोगों में देसराज, धर्मेंद्र कुमार, सन्नी, सुनील कुमार, अजय कुमार, प्यार सिंह और योगराज ने बताया कि आमतौर पर जब भी किसी सड़क की कटिंग होती है तो मिट्टी को उठाकर डंपिंग साइट में फेंका जाता है लेकिन यहां मिट़्टी सड़क किनारे ही फेंकी गई है। उन्होंने प्रशासन और विभाग से मांग की है कि मिट्टी को हटाने की व्यवस्था की जाए। उधर, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता जोगिंद्र शर्मा ने बताया कि जल्द ही मिट्टी को वहां से हटाया जाएगा।