क्रेन की मदद से चमेरा बांध से निकाला हादसे का शिकार वाहन। -स्रोतः जागरूक पाठक
चंबा। दुर्घटना का शिकार होकर चमेरा बांध में गिरा मालवाहक पिकअप वाहन शनिवार को क्रेन की मदद से बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान बनीखेत-भलेई वाया चौहड़ा मार्ग पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। मौके पर सलूणी प्रशासन, पुलिस अधिकारी, गोताखोर और वाहन के मालिक भी मौजूद थे।
क्रेन की मदद से वाहन को बांध से बाहर निकालने के बाद संदेह के चलते गाड़ी की गहनता से तलाशी ली गई, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि दुर्घटना के दौरान वाहन में कोई तीसरा व्यक्ति तो नहीं था जो हादसे का शिकार हुआ हो। बता दें कि यह हादसा 19 नवंबर की अल सुबह हुआ। वाहन में पठानकोट से चुराह क्षेत्र के लिए सब्जियों की सप्लाई ला जा रही थी।
इस दौरान पिकअप वाहन बनीखेत-भलेई वाया चौहड़ा मार्ग पर अनियंत्रित होकर चमेरा बांध में डूब गया था। हादसे के बाद सलूणी प्रशासन ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन पहले दिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद दूसरे दिन बुधवार को एनएचपीसी के गोताखोरों को बुलाकर सर्च अभियान चलाया गया, जिसमें दो शव बरामद हुआ। मृतकों की पहचान चालक बेली राम पुत्र करम चंद निवासी गांवधनलाई और संजय कुमार पुत्र हेमराज निवासी गांव ककवाला तहसील चुराह के तौर पर हुई थी। पोस्टमार्टम करने के बाद शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने कहा कि चमेरा बांध पुष्टि करते हुए बताया कि अब जलाश्य से माल वाहक वाहन को सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया गया है।
क्रेन की मदद से चमेरा बांध से निकाला हादसे का शिकार वाहन। -स्रोतः जागरूक पाठक