सलूणी (चंबा)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डियुर में फार्मासिस्ट लोगों की नब्ज टटोल रहा है। यहां महज दो दिन प्रतिनियुक्ति पर चिकित्सक बैठता है। इस कारण क्षेत्र की सात पंचायतों के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। डियुर, पिछला डियुर, भड़ेला, लनोट, खड़जौता, कंधवारा और हिमगिरी पंचायतों की 15 हजार की आबादी इस पीएचसी पर उपचार के लिए निर्भर है। शाम 4:00 बजे के बाद गर्भवती महिलाएं और बुजुर्ग अगर उपचार को इस पीएचसी में पहुंचते हैं तो उन्हें मजबूरन 80 किलोमीटर का सफर तय कर मेडिकल कॉलेज चंबा जाना पड़ता है।
ग्रामीण सोभिया राम धवन, होशियार सिंह, दीप राज, चैन सिंह, नेक राज, भीलो राम, मान सिंह, चुनी लाल और प्यार चंद ने बताया कि दो साल से पीएचसी में चिकित्सक की तैनाती नहीं हो पाई है। चिकित्सकों के पदों को भरने में प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग की ओर से जरा सा भी ध्यान नहीं दे पाया है। इसका खामियाजा क्षेत्र के लोगों को उठाना पड़ रहा है।
10 दिन में पद नहीं भरा तो बांध देंगे पशु
ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग को चेताया है कि यदि 10 दिन में चिकित्सक का पद न भरा गया तो वे पीएचसी परिसर में भैंसें और घोड़े बांध देंगे।
उदो दिन के लिए प्रतिनियुक्ति पर पीएचसी में चिकित्सक की ड्यूटी लगाई गई है। नई तैनाती के बाद यहां पर डॉक्टर तैनात कर दिया जाएगा। डॉ. सुनील कक्कड़, बीएमओ, सलूणी