तीसरी बार पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोतरी से ढीली हो रही लोगों की जेब
पेट्रोल के दाम में प्रति लीटर 87 पैसे, डीजल के दाम में हुई है 85 पैसे की वृद्धि
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। पेट्रोल के दामों ने शतक जड़ दिया है। डीजल के दाम भी शतक लगाने के करीब पहुंच गए हैं। तीसरी बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से लोगों की जेब ढीली हो रही है।
पेट्रोल के दाम में प्रति लीटर 87 पैसे और डीजल के दाम में 85 पैसे की वृद्धि हुई हैं। अब पेट्रोल 100 रुपये 12 पैसे प्रति लीटर और डीजल 92 रुपये 13 पैसे प्रति लीटर हो गया है। जिले में एक सप्ताह पहले पेट्रोल 99.28 मिल रहा था। अब वह बढ़कर 100.12 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। डीजल पहले 91.23 रुपये लीटर था। अब 92.13 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से मिल रहा है। पेट्रोल और डीजल के दाम में वृद्धि का बोझ ऑपरेटरों, वाहन चालकों समेत आम जनमानस पर पड़ने वाला है।
पेट्रोल के दाम ने शतक लगा दिया है। अब इसका आर्थिक बोझ सवारियों पर पड़ने वाला है। सरकार को पेट्रोल के दाम में कटौती करने के लिए प्रयास करने चाहिए। - इंद्र सिंह, टैक्सी ऑपरेटर बनीखेत
डीजल के दामों में पिछले दस दिनों में तीन मर्तबा बढ़ोतरी हो चुकी है। यह न्यायसंगत नहीं हैं। पहले से ही घाटे में चलने वाला ट्रांसपोर्ट बिजनेस इस महंगाई से और प्रभावित होगा। - रविंद्र सिंह, ट्रांसपोर्टर, बनीखेत
डीजल के दाम बढ़ने से अब बसों के किराये में भी वृद्धि होना सीधे तौर पर लोगों की जेबों पर भारी पड़ने वाला है। इससे बसों को सड़कों पर दौड़ाना पहले की अपेक्षा महंगा हो रहा है। - मनोज टंडन, प्रधान, निजी बस ऑपरेटर यूनियन
डीजल के दाम में वृद्धि से अब किराये में भी बढ़ोतरी करनी पड़ेगी। बसों में अब पहले की अपेक्षा अधिक पैसे खर्च कर तेल डलवाना होगा। इसका असर हर वर्ग पर पड़ेगा। - सुरेश शर्मा, बस मालिक, चुवाड़ी
पहले ईंट, सीमेंट के दाम बढ़ने के बाद अब पेट्रोल-डीजल के दामों में होने वाली वृद्धि से मालवाहक वाहनों के किराये में भी इजाफा होना लगभग तय है। सुरेंद्र चाढ़क, ट्रक मालिक, चुवाड़ी।
पहले ही सवारियां किराये को लेकर माथा पच्ची करती रहती है। अब पेट्रोल के दाम बढ़ने से किराया बढ़ता है तो सवारियों को समझाना टेड़ी साबित होगा। सरकार को इस बारे सोचना चाहिए। सुनील सिंह ठाकुर, टैक्सी चालक चुवाड़ी।