चीह गांव में स्थापित ट्रांसफार्मर के इर्द-गिर्द नहीं है सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम
सेफ्टी बॉक्स का स्टॉक नहीं उपलब्ध, डिमांड अनुरूप पहुंचने पर किए जाएंगें स्थापित
संवाद न्यूज एजेंसी
हिमगिरी (चंबा)। चीह गांव में स्थापित ट्रांसफार्मर पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने से लोगों में चिंता का माहौल है। ट्रांसफार्मर के खुले तार और बिना सेफ्टी बॉक्स दिए गए कनेक्शन लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर के आसपास बच्चों और पशुओं की आवाजाही रहती है जिससे कभी भी हादसा हो सकता है।
स्थानीय निवासी अमर सिंह, बिट्टू, लाल चंद, प्रदीप इत्यादि ने बताया कि विभाग का ओर से नया ट्रांसफार्मर तो लगा दिया गया लेकिन अभी तक सुरक्षा के जरूरी इंतजाम नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि खुले तार देखकर लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने मांग की है कि ट्रांसफार्मर पर जल्द सेफ्टी बॉक्स लगाया जाए। तारों को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित किया जाए जिससे भविष्य में किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि क्षेत्र में बच्चों का आना-जाना लगा रहता है और पशु भी आसपास घूमते रहते हैं। ऐसे में विभाग को लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तुरंत आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
उधर, बिजली बोर्ड उपमंडल तीसा के एसडीओ अमीर चंद ने बताया कि फिलहाल विभाग के पास सेफ्टी बॉक्स का स्टॉक उपलब्ध नहीं है। जैसे ही स्टॉक उपलब्ध होगा, ट्रांसफार्मर पर सेफ्टी बॉक्स लगवा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है और जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।