संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। रेडक्राॅस सोसायटी की मोबाइल हेल्थ वैन के जरिये दूर दराज के क्षेत्रों में लोगों के विभिन्न प्रकार के रोगों से संबंधित टेस्ट किए जाएंगे। जिन टेस्टों को करवाने के लिए लोगों को जिला मुख्यालय की दौड़ लगानी पड़ती थी, उनकी सुविधा ग्रामीणों को घर-द्वार पर मिलेगी। शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने रेडक्राॅस सोसायटी की ओर से संचालित की जाने वाली मोबाइल हेल्थ वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिले की विषम भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप मोबाइल हेल्थ वैन को दूरदराज के क्षेत्रों में उत्तम स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अत्यंत कारगर बताते हुए विस अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को इस वैन का समुचित उपयोग सुनिश्चित बनाने के लिए निर्देश दिए। मोबाइल हेल्थ वैन के जरिये राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय चंबा परिसर के समीप रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई।
गौरतलब है कि मोबाइल हेल्थ वैन आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित है। इसमें सेंट्रल ऑक्सीजन सिस्टम, रेफ्रिजरेटर, इलेक्ट्रिक कूलर, माइनर सर्जरी उपकरण, ईसीजी मशीन, स्टेलाजर, पल्स ऑक्सीमीटर, ड्रेसिंग मैटेरियल, इग्जामिनेशन काउच, बॉक्स, स्प्लिंट, इंटरकॉम, बायो मेडिकल वेस्ट डस्टबिन, ऑटोक्लेव, कोल्ड चेन आदि सुविधाएं शामिल हैं। इसके माध्यम से रूटीन के सभी टेस्ट किए जा सकेंगे। इसके साथ ही वैन में अलग से चिकित्सक और सहयोगी कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था भी है। साइड स्क्रीन कैनोपी लगाई गई है। ये चिकित्सक और सहयोगी कर्मचारियों की ओर से लोगों की स्वास्थ्य जांच के साथ विभिन्न टेस्ट के लिए नमूने एकत्रित करने में सुविधा प्रदान करेगी। इस अवसर पर सदर विधायक नीरज नैयर, उपायुक्त डीसी राणा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कपिल शर्मा, रेडक्रॉस की सचिव नीना सहगल उपस्थित रहे।