फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chamba News: प्रस्तावित कूड़ा निष्पादन संयंत्र के विरोध में उतरे सुल्तानपुर के लोग

Thu, 16 Oct 2025 11:59 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चम्बा
विज्ञापन
विज्ञापन
चंबा। शहर के सुल्तानपुर वार्ड में प्रस्तावित कूड़ा निष्पादन संयंत्र को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। वीरवार को बड़ी संख्या में वार्डवासी नगर परिषद कार्यालय पहुंचे और कार्यकारी अधिकारी के समक्ष रोष जताते हुए संयंत्र का विरोध दर्ज करवाया। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट तौर पर चेतावनी दी कि किसी भी कीमत पर सुल्तानपुर में कूड़ा संयंत्र नहीं बनने दिया जाएगा।
विज्ञापन

लोगों ने बताया कि बीते 10 से 15 दिन से वार्ड में कचरा उठाने की कोई गाड़ी नहीं आई है, जिससे सड़कों, गलियों और खाली स्थानों पर कचरे के ढेर लग गए हैं। कई जगहों पर कचरे से भरे बोरे अस्थायी डंपिंग साइट में तब्दील हो गए हैं। बदबू और गंदगी से लोग परेशान हैं तो वार्ड में कूड़ा निष्पादन संयंत्र लगाने का क्या फायदा होगा।
लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कूड़े में जानबूझकर आग लगाई जा रही है, जिससे जहरीला धुआं फैल रहा है और इससे बच्चों, बुजुर्गों व बीमार लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ रहा है। इसके अलावा कई जगह कचरा रावी नदी में फेंका जा रहा है, जिससे जल प्रदूषण बढ़ रहा है और कानून का उल्लंघन भी हो रहा है।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि संयंत्र की जगह तय करते समय स्थानीय लोगों से कोई राय नहीं ली गई। वे यह भी आरोप लगा रहे हैं कि जहां संयंत्र बनाने की योजना है, वहां बिना अनुमति के करीब 10 पेड़ काट दिए गए, लेकिन नगर परिषद की ओर से इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नगर परिषद की गाड़ियां खुद सुल्तानपुर में कचरा फेंकती हैं और अब वहीं पर स्थायी संयंत्र बनाना चाहती हैं, जबकि वार्ड में पहले से ही सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। नालियां जाम हैं और नियमित कचरा प्रबंधन नहीं हो रहा है। ऐसे में लोगों ने सवाल उठाया कि जब बुनियादी व्यवस्था ही ध्वस्त है तो संयंत्र की जरूरत ही क्या है?
ये मांगें रखीं
सुल्तानपुर में कचरा संयंत्र न बनाया जाए।
वार्ड में नियमित कचरा उठाने की व्यवस्था की जाए।
रावी नदी में कचरा फेंकने पर तुरंत रोक लगे।
अवैध पेड़ कटाई की जांच हो और दोषियों पर कार्रवाई की जाए।

लोगों की समस्याएं सुनी गई हैं। उन्हें आश्वासन दिया है कि जल्द ही समाधान निकाला जाएगा। कचरे की गाड़ियां कहां जा रही हैं, इसकी जांच की जाएगी। राखी कौशल, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद चंबा
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें