चंबा। शहर के साथ लगते टीकाकरण केंद्र सीनियर सेकेंडरी स्कूल उदयपुर में वैक्सीन लगवाने के लिए उमड़ी भीड़ में धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई। कोरोना नियमों को दरकिनार कर टीकाकरण स्लिप के लिए लोग एक-दूसरे को धक्का देकर आगे बढ़ने लगे। शनिवार सुबह करीब दस बजे टीकाकरण केंद्र में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम अभी तैयारी कर ही रही थी कि इतने में काफी संख्या में लोग केंद्र में पहुंच गए।
इस दौरान लोगों ने टीकाकरण के लिए कोविड नियमों की खूब धज्जियां उड़ाई। स्थिति को नियंत्रण से बाहर होता देख स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस की सूचना दी। साढ़े दस बजे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नियंत्रण किया। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी यहां लोगों ने नियमों को दरकिनार करने का प्रयास किया है। बावजूद इसके अब दूसरी बार लोगों ने नियमों की धज्जियां उड़ाई हैं। लोग दो गज दूरी के नियम की पालना करने की बजाय एक-दूसरे से धक्का-मुक्की पर उतारू हो गए। गौरतलब है कि सरकार की ओर से अब दोनों वर्गों के टीकाकरण के लिए सेंटर बनाए जा रहे हैं लेकिन लोग भीड़ लगाकर नियमों को दरकिनार कर रहे हैं जो इस महामारी के समय में सही नहीं है।
जिले के कई टीकाकरण केंद्रों में टास्क फोर्स टीमों के नदारद रहने की शिकायतें भी प्रशासन के पास पहुंची हैं। टीकाकरण केंद्रों से टास्क फोर्स टीमों का न होना बड़े खतरे को न्योता देना है।
स्कूल प्रधानाचार्य नरेंद्र भारद्वाज का कहना है कि अचानक काफी संख्या में लोग वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंच गए। इसके बारे में तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि वे टीकाकरण केंद्र में नियमों की पालना करें।