बनीखेत (चंबा)। समोट स्वास्थ्य खंड में सोमवार को 18 से 44 वर्ष की आयु वर्ग वाले 357 लोगों ने कोरोना वैक्सीन लगवाई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनीखेत में कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए युवा सोमवार सुबह ही जुटना शुरू हो गए। सुबह 11 से लेकर दोपहर 12 बजे तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में वैक्सीन लगवाने वालों की काफी भीड़ रही। वैक्सीन लगवाने के चक्कर में युवा दो गज दूरी के नियम को भी भूल गए। वहां तैनात स्टाफ ने भी लोगों को कोविड नियमों की पालना करवाना जरूरी नहीं समझा। लोग एक-दूसरे के साथ सटे हुए नजर आए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनीखेत में शाम तक सौ लोगों ने कोरोना वैक्सीन लगवाई। जबकि, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाथरी में 106 और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समलेऊ में 151 लोगों ने कोरोना वैैक्सीन लगवाई। गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग ने बिना स्लॉट बुक किए सोमवार को 18 से 44 वर्ष तक की आयु वाले लोगों के लिए वैक्सीन लगाने का अभियान शुरू किया। इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में युवाओं को कोरोना वैक्सीन लगाई गई।
स्वास्थ्य कार्यकर्ता ने टीकाकरण केंद्र में अपने आधार कार्ड लेकर पहुंचे लोगों से उनकी जानकारी ली। इस दौरान दो से तीन मिनट का समय लगा। उसके बाद वैक्सीन लगवाने के बाद लोग अपने घरों को रवाना हुए। खंड चिकित्सा अधिकारी समोट डॉक्टर सतीश फोतेदार ने बताया कि स्वास्थ्य खंड समोट के तहत 357 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई। बनीखेत में दो गज दूरी नियम की अवहेलना हुई है, तो इसको लेकर संबंधित स्टाफ को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।