चंबा। सोमवार को बाजार और दफ्तर खुलने से शहर में काफी भीड़ उमड़ी। बसों में जहां 50 फीसदी सवारियां बैठाने का नियम टूटा तो वहीं, बाजार में लोगों की भीड़ कोरोना संक्रमण को न्योता देती रही। वहीं, लोगों को कोविड नियमों का पाठ पढ़ाने के लिए तैनात सर्विलांस टीमें और पुलिस कर्मचारी लोगों से कई जगह पर उलझते भी दिखे।
गौरतलब है कि वीकेंड के बाद बस सेवाएं बहाल होने से कर्मचारियों, कामगारों और लोगों ने राहत की सांस ली। बस स्टैंड चंबा से सुबह अपने निर्धारित रूटों पर चलने वाली बसें 50 फीसदी सवारियों के साथ रवाना हुई, जबकि रूटों से लौटी बसों में सवार होकर मुख्यालय पहुंचे लोग कोविड नियमों को तोड़ते दिखे। शहर के बाजार, सब्जी मंडी और डोगरा बाजार में खरीदारी के लिए भीड़ जुटी रही। दोपहर साढ़े बारह बजे लोग खरीदारी कर अपने घरों को लौटना शुरू हो गए। बस स्टैंड में एचआरटीसी की बसों में कोविड नियमों को लागू करवाने के लिए निगम की स्पेशल टीम के कर्मी लोगों को मास्क पहनने, सामाजिक दूरी का पालन करने और 50 फीसदी से अधिक सवारियों को बसों में न बैठाने संबंधी हिदायत दे रहे थे।
वहीं, दोपहर के समय निजी बसों में कोरोना नियमों को दरकिनार किया गया। सवारियों से बसें खचाखच भरी हुई अपने रूटों पर रवाना हुई। सवा एक बजे बस स्टैंड में लोगों की भीड़ के आगे बस अड्डा परिसर कम पड़ता दिखा। वहीं, सरकारी और कुछ निजी बसों में 50 फीसदी से अधिक सवारियां न बैठाए जाने से निराश होकर सवारियां अड्डा परिसर में बसों का इंतजार करती रहीं। अन्य दिनों की अपेक्षा सोमवार को जिला मुख्यालय सहित बस स्टैंड में लोगों की काफी भीड़ देखने को मिली।
शादी समारोहों को लेकर मनियारी, गहने, कपड़े, जूते की दुकानों में लोगों की काफी भीड़ देखने को मिली। सर्विलांस टीम के सदस्य अध्यापक और पुलिस कर्मचारी लोगों को कोविड नियमों का हवाला देते दिखे। जिले में सोमवार को चंबा-चामुंडा रूट सहित समस्त 59 रूटों पर एचआरटीसी की बसें निर्धारित समय पर रवाना हुई। वहीं, जिले के 70 रूटों पर निजी बसें चलने से एचआरटीसी पर पड़ा बोझ भी काफी कम हो गया।
एचआरटीसी ने शुरू की लोकल बस सेवा
कसाकड़ा स्थित बस स्टैंड चंबा से पुराना बस स्टैंड सपड़ी के लिए एचआरटीसी ने बस सेवा को आरंभ किया गया है। बसों में तीसा, साहो, पल्यूर, सिल्लाघ्राट, बरौर, कल्हेल, पुखरी, कियाणी, राजनगर, सलूणी इत्यादि क्षेत्रों से बस अड्डा पहुंचने वाले लोगों को जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में लोगों की परेशानियों को कम करते हुए निगम ने लोकल बस सेवा शुरू की है।
आरएम राजन जम्वाल ने कहा कि जिले के 60 रूटों पर बसें 50 फीसदी सवारियों को लेकर रवाना हुईं। कहा कि लोगों की सहूलियत के लिए कसाकड़ा बस अड्डे से पुराना बस स्टैंड सपड़ी के लिए बस सेवा शुरू की गई है।