चंबा। बिजली बोर्ड पेंशनर कल्याण संघ की बैठक हरदासपुरा के विश्राम गृह में वीरवार को संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष निक्कू राम दुनेरिया ने की। संघ के पदाधिकारियों ने सरकार और बोर्ड प्रबंधन की दोहरी नीति की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि लंबित देय राशि का भुगतान समान रूप से सभी पेंशनरों को मिलना चाहिए। पेंशनरों को आयु के आधार पर बांटने पर अंकुश लगाया जाए।
निक्कू राम दुनेरिया ने कहा कि स्मार्ट मीटर द्वारा बिजली बोर्ड को निजीकरण की ओर धकेला जा रहा है। स्मार्ट मीटर से आम जनता के खून पसीने की कमाई को लूटने का प्रयास किया जा रहा है। आम जनता के उत्पीड़न का गंभीर परिणाम सरकार को निकट भविष्य में भुगतना पड़ेगा। वहीं, नरेश सेठ ने बिजली बोर्ड के कुप्रबंधन का शिकार हुए बालू के पद्मश्री कैलाश चंद महाजन पावर हाउस बालू की सुध लेने की बात कही। यह पावर हाउस पिछले लगभग 12 वर्षों से बंद पड़ा हुआ है। यह पावर हाउस खंडहर बना हुआ है। बैठक में खेम सिंह नरयाल, मान चंद, चंद्र कुमार, हेम लता, रजनी, नीलम और धन्नो देवी सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया।