चंबा। हिमाचल प्रदेश सेवानिवृत्त कल्याण मंच चंबा की बैठक पुराना बस स्टैंड सपड़ी परिसर में हुई। मंच के उपाध्यक्ष सरवन कुमार ने बताया कि एचआरटीसी प्रबंधन और सरकार पेंशनरों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। माह की नौ तारीख होने पर भी पेंशन नहीं मिली है। स्थिति इतनी खराब हो गई है कि एक महीना देरी से पेंशन मिल रही है।
बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ उपाध्यक्ष भूपिंद्र जसरोटिया ने की। बैठक में सेवानिवृत्ति कर्मचारियों की समस्याओं पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा घोषित तीन प्रतिशत डीए और एरियर भी अभी तक नहीं दिया है। मेडिकल बिल लगभग तीन वर्षों के लंबित हैं।
2016 का संशोधित वेतनमान नहीं दिया है। अपना ही पैसा लेने के लिए बुजुर्ग सड़कों पर उतर रहे हैं। सेवानिवृत्ति कर्मचारियों को कोर्ट का रुख और धरना-प्रदर्शन करना पड़ रहा है। एचआरटीसी के सेवानिवृत्ति कर्मचारियों में निराशा का भाव है।
वरिष्ठ सदस्य जय चंद ने कहा कि अगर हमें अपना पैसा लेने के लिए कोर्ट में जाकर ही अपना वक्त और पैसा खर्च करना है तो अधिकारी इतनी बड़ी संख्या किस लिए रखे हैं। बैठक में कस्तूरी लाल, बिक्रम शर्मा, अश्वनी, राजेद्र, केसरू, शक्ति प्रसाद, कर्म चंद और प्यारू राम आदि उपस्थित रहे।