परिवहन निगम सेवानिवृत्त कल्याण मंच चंबा की बैठक में समस्याओं पर चर्चा
मेडिकल बिल, डीए का एरियर और संशोधित वेतनमान का भी भुगतान मांगा
संवाद न्यूज एजेंसी
सुल्तानपुर (चंबा)। हिमाचल पथ परिवहन निगम सेवानिवृत्त कल्याण मंच चंबा की मासिक बैठक परेल वर्कशॉप में ठाकुर दीवान चंद की अध्यक्षता में हुई। इसमें विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
मंच के सचिव रविंद्र शर्मा ने कहा कि उन्हें हर महीने 28 या 29 तारीख को पेंशन दी जा रही है। इससे पेंशनरों में रोष है।
उन्होंने सरकार से मांग की है कि पेंशन एक तारीख को दी जाए। मंच के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भूपिंद्र जसरोटिया ने कहा कि हैरानी की बात है कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सरकार ने दो भागों में बांट दिया है। एक वर्ग को पंद्रह तारीख तक पेंशन दी जाती है जबकि दूसरे वर्ग को महीने की अंतिम तिथियों में पेंशन दी जाती है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि एक ही तारीख को पेंशन का भुगतान किया जाए।
सह कोषाध्यक्ष देविंद्र जसरोटिया ने कहा कि मेडिकल बिल, डीए का एरियर और 2016 के संशोधित वेतनमान भी अभी तक लंबित हैं। इनका तुरंत भुगतान किया जाए। उपाध्यक्ष कर्मचंद ठाकुर ने कहा कि 2024 के ओपीएस सेवानिवृत्त कर्मियों का कोई भी भुगतान नहीं हुआ है, उसे जल्द किया जाए। प्रदेश उपाध्यक्ष शक्ति प्रसाद ने कहा कि चंबा डीपो में सभी बसें पुरानी हो गई हैं। ये जगह-जगह खराब हो रही हैं। गागला धुलाड़ा और जम्मुहार सड़क पर हाल ही में दो बसें हादसे का शिकार होते-होते बची हैं। पचास पचास वर्षों से जो रूट चंबा डिपो से चल रहे हैं, वहां दूसरे डिपुओं की बसें चल रही हैं। स्टाफ और बसों की कमी के कारण चंबा डिपो दयनीय स्थिति में है। ऐसा न हो चंबा डिपो सब डिपो बनकर रह जाए। बैठक में गोपाल, अश्वनी, देविंद्र कुमार, विक्रम, कस्तूरी लाल महाजन, केसरू राम, बद्रीनाथ, शराफत आदि उपस्थित रहे।