चंबा। जिले के साढ़े 14 हजार बीपीएल पेंशनरों केे खातों में 500 रुपये पड़ेंगे। जिसके लिए जिला कल्याण विभाग द्वारा अपने स्तर पर पग बढ़ाना आरंभ कर दिया गया है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण स्कीम के तहत ही बीपीएल पेंशनरों के खाते में ये राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की जाएगी। बहरहाल, लॉकडाउन के चलते घरों में रहने को मजबूर हुए गरीब परिवारों से ताल्लुक रखने वाले लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
गौरतलब हो कि जिला चंबा के विधानसभा क्षेत्र भरमौर, चंबा, चुराह, डलहौजी, भटियात के तहत जिला कल्याण विभाग में बीपीएल श्रेणी से साढ़े 14 हजार पेंशनर शामिल हैं। जिले में कोविड-19 को लेकर प्रशासन द्वारा कर्फ्यू और लॉकडाउन लगाया गया है। ऐसे में लोगों को घरों से बाहर निकलने के लिए केवल मात्र कर्फ्यू ढील के दौरान ही समय दिया गया है। कुल मिला कर कर्फ्यू के चलते लोग अपने घरों में ही रहने को विवश हो गए हैं। ऐसे में अब जिले के बीपीएल परिवारों से संबंध रखने वाले पेंशनरों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण स्कीम के तहत 500-500 रुपये प्रदान किए जाएंगे। जिसके तहत ये राशि सीधे उनके खातों में आएगी। जिला कल्याण विभाग अधिसूचना मिलने के बाद बीपीएल परिवारों से संबंध रखने वाले लोगों के खाते में राशि ऑनलाइन ट्रांसफर करने के कार्य में जुट गया है। कुल मिला कर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण स्कीम बीपीएल परिवारों के पेंशनरों को कुछ हद तक राहत ही प्रदान करने का काम करेगी। जिला कल्याण अधिकारी चंबा नरेंद्र जरयाल ने इसकी पुष्टि की है।