चुराह (चंबा)। जिले की होनहार बेटियां लगातार अपनी प्रतिभा से क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। इसी कड़ी में विकास खंड चुराह के दुर्गम क्षेत्र हिमगिरि कोठी की रहने वाली पायल सूर्यवंशी ने रियलिटी शो ‘द वॉयस ऑफ पंजाब’ शो के शीर्ष 16 प्रतिभागियों में जगह बनाई है। इससे पूरे जिले में खुशी की लहर है।
पायल ने छठी से आठवीं कक्षा तक की शिक्षा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय हिमगिरि कोठी में छात्रावास में रहकर प्राप्त की। बचपन से ही वह पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय रहीं और भाषण व गायन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रहीं।
साधारण किसान परिवार से संबंध रखने वाली पायल के पिता खेतीबाड़ी करते हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। पायल की तीन अन्य बहनों ने भी इसी विद्यालय से शिक्षा ग्रहण की है और वे भी पढ़ाई व सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन कर चुकी हैं। पायल की इस सफलता पर उपशिक्षा निदेशक (गुणवत्ता) एवं जिला परियोजना अधिकारी भाग सिंह, जिला समन्वयक डॉ. कविता बिजलवान और छात्रावास वार्डन रीता शर्मा ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।