एक सप्ताह में दूसरी बार खराब हुई पठानकोट-द्रमण रूट की बस
यात्रियों को निजी वाहनों से पूरा करना पड़ा सफर
संवाद न्यूज एजेंसी
सिहुंता (चंबा)। पठानकोट डिपो की बसों में तकनीकी खराबी का सिलसिला थम नहीं रहा है। सोमवार को पठानकोट से द्रमण जा रही बस सिहुंता के पास बीच रास्ते में खराब हो गई। इससे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
गंतव्य तक पहुंचने के लिए उन्हें निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा। यात्रियों के अनुसार, एक सप्ताह के भीतर इसी स्थान पर बस दूसरी बार खराब हुई है। बार-बार ऐसी स्थिति बनने से यात्रियों का सफर प्रभावित हो रहा है और उन्हें समय पर गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतें आ रही हैं।
यात्री नीलम कुमारी, पुष्पा कुमारी, विपिन कुमार, बलदेव कुमार, कमल कुमार और कैलाश कुमार ने कहा कि यदि बसों के बीच रास्ते में खराब होने का सिलसिला जारी रहा तो निजी वाहन से सफर करना ही बेहतर होगा। उन्होंने परिवहन निगम से बसों की नियमित तकनीकी जांच करवाने की मांग की, ताकि यात्रियों को रास्ते में इस तरह की परेशानी न झेलनी पड़े।
उधर, एचआरटीसी के आरएम विजय चौधरी ने बताया कि मामला उनके ध्यान में आया है। बस में तकनीकी खराबी के कारण यह स्थिति बनी। जल्द ही मैकेनिक भेजकर बस को दुरुस्त करवाया जाएगा।