चंबा के नर्सिंग प्रशिक्षण संस्थान ककीरा में वार्षिक समारोह के दौरान प्रस्तुति देती प्रशिक्षु।स
चंबा। स्वामी राजेश्वरानंद भारती नर्सिंग प्रशिक्षण संस्थान ककीरा में 11वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में प्रशिक्षुओं को विस अध्यक्ष ने डिग्रियां प्रदान कीं। सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया की अध्यक्षता में यह समारोह मनाया गया।
उन्होंने जीएनएम कोर्स 2020-23 के तहत नर्सिंग का प्रशिक्षण पूरा करने वाली छात्राओं को डिग्री देकर सम्मानित किया। छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की। छात्राओं ने हिंदी और पहाड़ी गानों पर पेश किया मनमोहक नृत्य किया।
पठानिया ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सों का हमेशा से महत्वपूर्ण स्थान रहा है। चिकित्सक को भगवान का दूसरा रूप कहा जाता है। नर्सें भी देवी स्वरूप होती हैं। वे निस्वार्थ भाव से मानवता की सच्ची सेवा कर दूसरों के जीवन को खुशियों से भर देती हैं। विस अध्यक्ष ने कहा कि हरिगिरी चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। ट्रस्ट की ओर से राजेश्वरानंद भारती नर्सिंग प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से एएनएम, जीएनएम तथा बीएससी नर्सिंग का प्रशिक्षण भी करवाया जा रहा है। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली छात्राओं को 26100 की धनराशि देने की घोषणा की। प्रशिक्षण पूरा कर चुकीं नर्सिंग छात्राओं को सत्य निष्ठा की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर एसडीएम पारस अग्रवाल, संस्थान के अध्यक्ष राजन भाई पटेल, प्रधानाचार्य डॉ. कांता कुमार, रजिस्ट्रार एचपीएनआरसी शशि शर्मा, ट्रस्ट के सदस्य तरूण मल्होत्रा और देवेंद्र महाजन सहित अन्य मौजूद रहे। संवाद