भरमौर उपमंडल के छह, सलूणी-तीसा और पांगी के पांच-पांच अभ्यर्थी रहे सफल
चंबा-भटियात-डलहौजी के 18 परिणाम जल्द, 39 पदों के लिए 980 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। पशु मित्र बनने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। पशुपालन विभाग ने जिले के चार उपमंडलों में आयोजित पशु मित्र भर्ती परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है।
भरमौर से छह, जबकि सलूणी, तीसा और पांगी से पांच-पांच अभ्यर्थी परीक्षा में सफल हुए हैं। चारों उपमंडलों का परिणाम जारी होने के बाद अब तक 21 अभ्यर्थियों के चयन का रास्ता साफ हो गया है।
जिले में पशु मित्र के 39 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इन पदों के लिए करीब 980 अभ्यर्थियों ने आवेदन कर परीक्षा दी थी। अब चार उपमंडलों के 21 अभ्यर्थियों का परिणाम जारी होने के बाद चंबा, भटियात और डलहौजी के 18 अभ्यर्थियों के परिणाम का इंतजार है। विभाग के अनुसार शेष परिणाम भी जल्द जारी कर दिए जाएंगे।
पशुपालन विभाग की ओर से चार उपमंडलों के परिणाम से संबंधित पत्र निदेशालय को भेज दिया गया है। वहीं, चंबा, भटियात और डलहौजी के अभ्यर्थियों से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं भी पूरी कर ली गई हैं। ऐसे में इन तीन उपमंडलों के अभ्यर्थियों को भी जल्द परिणाम जारी होने की उम्मीद है।
पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. राकेश भंगालिया ने बताया कि जिन चार उपमंडलों का परिणाम जारी हो चुका है, वहां चयनित अभ्यर्थियों से संबंधित पत्र निदेशालय को भेज दिए गए हैं। शेष तीन उपमंडलों के अभ्यर्थियों की औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। 18 अभ्यर्थियों का परिणाम जल्द जारी किया जाएगा।