चंबा। विकास खंड भटियात के तहत आती 69 पंचायतों में पार्कों का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के ड्रीम प्रोजेक्ट पंचवटी से यह सौगात मिलेगी। भटियात विकास खंड के इस योजना में शामिल होने के बाद विकास खंड कार्यालय ने आगामी प्रयास शुरू कर दिए हैं। पंचायत की जमीन पर पंचवटी पार्क बनाने के लिए प्रति पंचायत करीब साढ़े नौ लाख रुपये प्रति पार्क खर्च किए जाने का अनुमान है। योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को मनोरंजन के साथ पार्क और बगीचों की सुविधा उपलब्ध करवाना है। इन पार्कों में बच्चों के खेलने के लिए भी व्यवस्था होगी। लोग इन पार्कों में सुबह की सैर भी कर पाएंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) और 15वें वित्त आयोग के समायोजन में न्यूनतम एक बीघा की समतल भूमि पर इन पार्कों और बगीचों को विकसित किया जाएगा। इन पार्कों में आयुर्वेदिक और औषधीय पौधे लगाने के अलावा बुजुर्गों के लिए मनोरंजन के लिए उपकरण, पैदल पथ और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इससे जहां वरिष्ठ नागरिकों को बच्चों को सौगात मिलेंगी तो वहीं दूसरी तरफ रोजगार के द्वार भी खुलेंगे और पर्यटन को भी पंख लगेंगे। गौरतलब है कि प्रदेश सरकार द्वारा पंचवटी योजना का आगाज किया है। इसके तहत चयनित पंचायतों में पार्कों का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। अब सरकार ने इस योजना का विस्तारीकरण किया है। तीन योजनाओं से समायोजित राशि इसके निर्माण पर व्यय की जाएगी।
विकास खंड अधिकारी भटियात बशीर खान ने बताया कि पंचवटी योजना के तहत ब्लॉक की समस्त पंचायतों में में पार्कों का निर्माण किया जाएगा। इस बारे प्रयास शुरू कर दिए हैं। प्रत्येक पंचायत में पार्क निर्माण के लिए साढ़े नौ लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी।