किहार (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला किहार में शिक्षक न होने से विद्यार्थियों के फेल होने के मामले में अभिभावकों के तेवर तल्ख हैं।
वीरवार को हुई स्कूल प्रबंधन समिति और अभिभावकों की बैठक में स्कूल में शिक्षकों की तैनाती के लिए बच्चों के साथ सड़क पर उतरने का एलान किया गया। निर्णय लिया गया कि सभी अभिभावक अपने बच्चों के साथ धरना-प्रदर्शन करेंगे। यह तब तक जारी रहेगा, जब तक स्कूल में शिक्षकों के पद नहीं भरे जाते। हालांकि, वीरवार को हुई बैठक में हिस्सा लेने के लिए करीब 26 अभिभावक ही पहुंचे। इसका कारण दो गांवों में दो लोगों की आकस्मिक मृत्यु को बताया गया। ऐसे में सोमवार 13 मई को दोबारा बैठक की जाएगी। इसमें वीरवार की बैठक में लिए निर्णय पर मंथन के बाद आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।
बीडीसी सदस्य अमर सिंह, किहार के उपप्रधान वीरेंद्र कुमार, किलोड़ उपप्रधान संजय शर्मा, एसएमसी अध्यक्ष गुलजार मोहम्मद, अब्दुल जब्बार, शरीफ मोहम्मद, देसराज, छामो, रेखा देवी, लीला देवी, सुरेखा देवी, मान सिंह, रमेश कुमार, संजय शर्मा, सुरेश कुमार ने बताया कि किहार स्कूल में दसवीं कक्षा में 94 विद्यार्थियों में से 40 की गणित, दो की अंग्रेजी में कंपार्टमेंट आई है। स्कूल के 19 विद्यार्थी फेल हो गए हैं। 33 विद्यार्थी ही पास हुए हैं। स्कूल में दो साल से गणित विषय का अध्यापक नहीं है। जमा एक और दो कक्षाएं पढ़ाने वाले गणित प्रवक्ता का पद भी चार साल से खाली है। हिंदी विषय के अध्यापक का पद दस और टीजीटी का पद दो साल से रिक्त हैं। उधर, शिक्षा उपनिदेशक प्यार सिंह चाढ़क ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। इस बाबत शिक्षा निदेशालय को भी सूचित किया गया है।