सलूणी (चंबा)। सलूणी और खरल पंचायत में कुछ दिनों से रीछ की मौजूदगी से ग्रामीण दहशत में हैं। खरल पंचायत के गलू गांव में भी हाल ही में एक रीछ स्कूल जा रहे बच्चों के सामने आ गया था।
बच्चों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों की शिकायत पर वन विभाग हरकत में आया। वन रक्षक तेज सिंह और ज्ञान चंद ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान रीछ दिखाई नहीं दिया। विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
वन विभाग के कर्मचारियों ने ग्रामीणों से कहा कि बच्चों को अकेले जंगल या सुनसान रास्तों से न भेजें। किसी कारण जंगल की ओर जाना पड़े तो समूह में जाएं। पशुओं को चराने या चारा लेने के लिए भी अकेले न जाएं। कहीं भी रीछ दिखाई दे तो उसे भगाने या उसके पास जाने का प्रयास न करें। तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दें। लोगोें में पवन कुमार, अरुण कुमार, रवि वर्मा, दिनेश कुमार, रवि कुमार, पंकज कुमार और रविंद्र कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि रीछ की लगातार निगरानी की जाए। संवाद