पांगी (चंबा)। देश-दुनिया से जनजातीय क्षेत्र पांगी का दूसरे दिन भी संपर्क नहीं जुड़ पाया। मनाली से किलाड़ और जम्मू-किश्तवाड़ से किलाड़ मार्ग पर बर्फबारी के बाद फिसलन बढ़ने के चलते यातायात व्यवस्था ठप रही। वहीं, पांगी के 19 मार्गों पर शुक्रवार को भी बस सेवा शुरू नहीं हो पाई। नतीजतन, किलाड़ मुख्यालय पांगी तक लोगों को बर्फ पर चलते-गिरते ही पहुंचना पड़ा। कुल मिलाकर मार्गों के बंद होने से लोगों की दुश्वारियां काफी बढ़ गई हैं।
जनजातीय क्षेत्र पांगी की चोटियों परमार भुटोरी, सुराल भुटोरी, चस्क भुटोरी, हिलुटवान समेत विभिन्न भुटोरियां बर्फबारी के बाद लकदक हो चुकी हैं। वहीं, निचले क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद लोगों की दुश्वारियां को कड़ाके की ठंड ने बढ़ाने का काम किया है। शुक्रवार को प्रचंड ठंड के बीच जनजातीय क्षेत्र पांगी के किलाड़ मुख्यालय में लोगों की कम ही चहलपहल देखने को मिली। ठंड से बचने के लिए लोग अपने घरों में ही दुबके रहे। पांगीवासियों राजीव कुमार, वीरेंद्र कुमार, अमित कुमार, किशन चंद, अशोक कुमार आदि ने पांगी प्रशासन से क्षेत्र के बंद मार्गों को यातायात के लिए बहाल करने की मांग उठाई है।
आवासीय आयुक्त रमन घरसंगी ने बताया कि सड़कों को बहाल करने के लिए विभागीय मशीनरी और लेबर जुटी हुई है। जल्द व्यवस्था पूरी तरह से सुचारु हो जाएगी।