चंबा। जनजातीय क्षेत्र पांगी से चंबा पहुंचना अब सुगम हो गया है। एचआरटीसी के केलांग डिपो ने किलाड़-चंबा बस सेवा को मंगलवार को शुरू कर दिया है। बस सेवा शुरू होने से पांगीवासी अब किलाड़ से वाया साच पास महज 172 किमी का सफर तय कर आसानी से पहुंच सकेंगे। इसकी एवज में उन्हें अधिक पैसे भी खर्च नहीं करने पडे़ंगे। सात माह बाद बस सेवा शुरू होने से पांगीवासियों ने राहत की सांस ली है।
गौरतलब है कि हर वर्ष भारी बर्फबारी में पांगीवासी नौ माह तक बर्फ की कैद में रहने के लिए मजबूर हो जाते हैं। बर्फ की कैद से बाहर निकलने के लिए पांगीवासियों के पास एकमात्र साधन हवाई सेवा ही शेष रहता है। हर वर्ष अक्तूबर में भारी बर्फबारी के बाद चंबा-साच मार्ग यातायात के लिए बंद पड़ जाता है।
लोनिवि कड़ी मशक्कत के बाद जुलाई के बीच सड़क को यातायात के लिए बहाल करता है। बस सेवा शुरू होने से पांगीवासी अब 500 रुपये देकर 172 किमी का सफर तय कर सकेंगे। पांगीवासियों को साच पास मार्ग बंद होने पर पांगी वाया जेएंडके होते हुए 250 किमी और पांगी वाया मनाली होते हुए चंबा पहुंचने की एवज में दो हजार रुपये खर्च करने पड़ रहे थे।
आरएम चंबा राजन जम्वाल ने कहा कि केलांग डिपो की ओर से किलाड़-चंबा के लिए बस सेवा शुरू कर दी गई है। बस किलाड़ से सुबह छह बजे चंबा के लिए रवाना होगा जो, शाम साढ़े छह बजे के करीब चंबा पहुंचेगी।