चुवाड़ी(चंबा)। विकास खंड कार्यालय भटियात परिसर में पंचायत प्रतिनिधियों ने वीरवार को
जमकर नारेबाजी की। प्रतिनिधियों का कहना है कि ब्लॉक में पिछले डेढ़ साल से मुख्यमंत्री आवास योजना की राशि आवंटित नहीं की जा रही है। इस वजह से पात्र लोग योजना से मिलने वाले लाभ से वंचित हैं। इस दौरान जिला परिषद सदस्य सहित विभिन्न वार्डों के पंचायत समिति सदस्य भी मौजूद रहे।
इससे पहले पंचायत प्रतिनिधियों ने एक ज्ञापन विकास खंड अधिकारी भटियात के माध्यम से निदेशक पंचायती राज विभाग, सचिव, उपायुक्त चंबा को भेजा। पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि पिछले डेढ़ साल से भटियात ब्लॉक में मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत राशि रोकी गई है। इससे पात्र लोगों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
जिला परिषद सदस्य कुसुम लता, ब्लॉक समिति सदस्य संजीव कुमार और रमन कुमार ने बताया कि योजना के तहत जारी राशि को भटियात ब्लॉक की पंचायतों के जरूरतमंदों में नहीं आवंटित किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि राशि का आवंटन जल्द किया जाए, जिससे जरूरतमंदों को योजना का लाभ मिल सके।