जिला परिषद वार्ड मोतला में मतगणना के दौरान भाजपा समर्थित प्रत्याशी राधा देवी ने कहा कि एसडीएम चुवाड़ी ने ग्यारह टेबल पर मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिया। जबकि बारहवें नंबर के टेबल की गणना को अंतिम परिणाम में नहीं जोड़ा गया। मतों की गणना के समय उपस्थित प्रत्याशी राधा देवी के आग्रह के बाद भी बारहवें टेबल के मतों की अंतिम परिणाम में गणना नहीं की गई। इस पर प्रत्याशी ने चुनावी अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप लगाया है।
वहीं शुक्रवार को जब प्रत्याशी और भाजपा मंडल अध्यक्ष संतोष शर्मा काउंटिंग एजेंटों के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे तो एसडीएम ने अलग से बारहवें टेबल की मतों की गणना की सूची प्रत्याशी के हाथों में थमाते हुए कहा कि यह गलती से रह गई थी। इसे आप अंतिम परिणाम के साथ जोड़ सकते हैं।
मतगणना के समय ग्यारह टेबलों के मत परिणाम अंकिता राणा 2475 मत व राधा देवी 2381 थे। मतों के साथ अंकिता राणा को 94 मतों के साथ विजयी घोषित किया गया था। जबकि मामला सामने आने पर बारहवें टेबल के मतों की कुल संख्या 1207 बताई गई। इसमें राधा देवी 135 व अंकिता राणा के खाते में 183 मत अतिरिक्त पड़े बताए गए। जबकि अन्य मत बाकी प्रत्याशियों को पड़े। नतीजतन राधा देवी को 2516 और अंकिता राणा को 2658 मत पड़े पाए गए।
वहीं एसडीम चुवाड़ी ने बताया कि यह त्रृटि दस्तावेजी है। जबकि ऊपरी तौर पर परिणाम सामने आ चुका था, तो वहीं जिला निर्वाचन अधिकारी व उपायुक्त एम सुधा देवी ने बताया कि इस मामले पर निर्णय चुनाव आयोग ही लेगा।