बागियों की पौबारह ने भरमौर से भटियात तक जिला परिषद के नतीजों में धूम मचा दी। जिन उम्मीदवारों पर दोनों ही बड़ी राजनीतिक पार्टियों ने भरोसा नहीं जताया था उन्होंने सीटें निकालकर भरोसे के उम्मीदवारों को पीछे धकेल दिया। जिप का चुनाव जीत कर आए बागियों में एक बड़ी तादाद भाजपा से छिटके हुए उम्मीदवारों की है, जो पार्टी में टिकट न मिलने से नाराज होकर आजाद प्रत्याशी के तौर पर चुनाव में उतरे थे।
चंबा में सभी 18 जिला परिषद की सीटों के नतीजे घोषित हो चुके हैं और इन नतीजों में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पांच-पांच सीटों के साथ बागी उम्मीदवारों के पीछे चल रही हैं। बागियों ने चंबा में 18 में से सात सीटें जीतकर करिश्मा कर दिखाया है।
शुरूआत भरमौर से जहां किलोड़ वार्ड पर भाजपा ने करतार सिंह पर दांव खेला था, लेकिन इससे नाराज होकर पूर्व विस अध्यक्ष की पत्नी लीला शर्मा और पूर्व जिला परिषद सदस्य ललित ठाकुर दोनों ही चुनाव में कूद गए थे। इस वार्ड में भाजपा से जुड़े तीन चेहरे चुनाव लड़ रहे थे लेकिन ललित ठाकुर ने सबको पछाड़ते हुए जीत दर्ज की।
मंगला वार्ड से इंदिरा कपूर ने हैट्रिक बनाते हुए तीसरी बार चुनाव जीता है। उनके पति विक्रम कपूर भाजयुमो के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं, लेकिन यहां से भाजपा ने तृप्ता देवी को उम्मीदवार घोषित किया था। इंदिरा कपूर ने यहां से जीत दर्ज की है।
जडेरा वार्ड से भाजपा ने बॉबी कुमारी को अपना उम्मीदवार घोषित किया था, लेकिन यहां भी भाजपा की पूर्व बीडीसी चेयरमैन की बेटी नितिमा निरू निर्दलीय चुनाव में उतरी और जीत दर्ज कर ली। भाजपा ने उटीप वार्ड से चंबा मंडलाध्यक्ष प्रकाश चंद शांडिल को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन यहां से राकेश कुमार चुनाव जीतने में कामयाब रहे हैं। भाजपा ने जिन भी चेहरों पर दांव खेला वो जीतने में कामयाब नहीं हुए।
ऐसी ही हालत कांग्रेस की भी रही है। हालांकि कांग्रेस ने खुले मंच पर कहीं भी अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की, लेकिन कई सीटों पर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार किया था और नतीजे उसके विपरीत आए हैं।
इनसेट...
भाजपा की विचारधारा के लोग जीते चुनाव : डीएस ठाकुर
उधर, भाजपा जिलाध्यक्ष डीएस ठाकुर का कहना है कि जिलापरिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष भाजपा के बनेंगे। भाजपा की विचारधारा से जुड़े जिलापरिषद सदस्यों से संपर्क साधा जा रहा है। उन्होंने बताया कि भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलेगा।
इनसेट...
कांग्रेस को मिलेगा समर्थन : भारद्वाज
वहीं, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र भारद्वाज का कहना है कि जिला परिषद पर कांग्रेस का कब्जा होगा। कांग्रेस बहुमत के साथ जिलाध्यक्ष बनाएगी। कांग्रेस को पूरा समर्थन मिलने की उम्मीद है। ज्यादातर बागी नेता कांग्रेस का ही समर्थन करेंगे।