देर शाम तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने शुरू की तलाश, रात को खाई से मिला शव
पधर गांव के पास हुआ हादसा, ग्रामीणों ने खराब रास्ते को बताया दुर्घटना की वजह
संवाद न्यूज एजेंसी
सुल्तानपुर (चंबा)। ग्राम पंचायत साच के पधर गांव में ढांक में गिरकर 51 वर्षीय पेंटर की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेश उर्फ राजू पुत्र कर्म चंद निवासी पधर घाड़का (डाकघर साच) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार राजेश वीरवार को पेंटिंग का काम करने चंबा गए थे। शाम को लौटते समय रास्ते में पैर फिसलने से वह गहरी ढांक में जा गिरे। देर शाम तक घर नहीं पहुंचने और मोबाइल फोन बंद आने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद वह ढांक में मिले। परिजन उन्हें रात के अंधेरे में मेडिकल कॉलेज चंबा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। ग्राम पंचायत साच की प्रधान दीपिका कुमारी ने बताया कि हादसे की सूचना पुलिस चौकी को दे दी गई है। पंचायत प्रभावित परिवार की हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने कहा कि हादसे वाली जगह रास्ते की हालत खराब है और पहले भी यहां लोग और पशु गिरकर घायल हो चुके हैं। उधर, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि ढांक से गिरने के कारण व्यक्ति की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है।