बनीखेत (चंबा)। एनएचपीसी चमेरा-प्रथम के खैरी स्थित ईको पार्क में इन दिनों लंबी-लंबी घास उग आई है। इससे पार्क में खेलने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित हैं। घास अधिक बढ़ जाने और बरसाती मौसम होने के कारण लोगों को उसमें सांप छिपे होने का डर सता रहा है। इसके चलते कई अभिभावक अपने बच्चों को पार्क में भेजने से भी कतरा रहे हैं।
स्थानीय निवासियों रोशन कुमार, अमित कुमार, नीरज सिंह, रमेश कुमार, महिंदर कुमार और रोहित सिंह आदि ने बताया कि एनएचपीसी की ओर से खैरी में बनाया गया ईको पार्क बच्चों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। यहां बच्चे मैदान में खेलने के साथ-साथ पार्क में लगे झूलों का भी आनंद लेते हैं। प्रतिदिन आसपास के क्षेत्रों से कई बच्चे पार्क में खेलने के लिए पहुंचते हैं। लोगों का कहना है कि पार्क के मैदान में घास काफी लंबी हो गई है। ऐसे में घास के बीच सांप या अन्य जहरीले जीव छिपे होने की आशंका बनी रहती है। बच्चों के साथ किसी तरह की अनहोनी न हो, इसे लेकर अभिभावक चिंतित हैं। लोगों ने एनएचपीसी प्रबंधन से मांग की है कि ईको पार्क में उगी लंबी घास को जल्द साफ करवाया जाए। एनएचपीसी खैरी के महाप्रबंधक (नागरिक) बिमन घोष ने बताया कि जल्द पार्क में उगी घास को कटवा दिया जाएगा।