चंबा। प्रदेश भर के अनाथ युवाओं को अब जमीन और मकान बनाने की चिंता नहीं रहेगी। प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के तहत उन्हें यह लाभ मिलेगा। सरकार ने योजना को लेकर गाइडलाइन जारी कर दी है जबकि महिला एवं बाल विकास विभाग के अफसरों ने भी योजना के तहत कार्य करना शुरू कर दिया है। विभाग अनाथों को चिह्नित कर रहा है।
अब तक चंबा में पांच ऐसे पात्रों को चिह्नित किया गया है। इस योजना के तहत जहां अनाथों को रहने के लिए मकान मिलेगा तो वहीं, दूसरी तरफ रोजगार के लिए भी सरकार हरसंभव मदद करेगी। यह योजना पूर्ण रूप से अनाथ हो चुके बच्चों के लिए है। इसके 18 वर्ष की आयु पूरी करने तक पात्र युवा बाल देखरेख संस्थान में रहेंगे जबकि 27 वर्ष की आयु तक के अनाथों के लिए सरकार जमीन, मकान और रोजगार तक की व्यवस्था भी करेगी। इसके अलावा सरकार इन बच्चों की पढ़ाई की जरूरतों को भी पूरा करेगी। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी राकेश चौधरी ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सरकार की इस योजना के तहत पूर्ण रूप से अनाथ बच्चाें की मूलभूत सुविधाएं पूरी की जाएंगी। 27 वर्ष की आयु तक के पात्रों को सरकार मकान बनाने के लिए जमीन और पैसे का भी प्रावधान करेगी। अब तक जिले में पांच पात्रों को चिह्नित किया गया है।