होली (चंबा)। उपमंडल के तहत कंदलू में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। बढ़े जलस्तर की वजह से हरनू में पेड़ की चपेट में आने से एक चरानी की मौत हो गई। वहीं उपमंडल के तहत मच्छेतर गांव में दो पुलियां बह गईं और चारों घरों में पानी घुस गया। मृतक की पहचान विनय पुत्र लेहली राम निवासी गांव सलावग डाकघर गुनेड़, तहसील बैजनाथ जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
मृतक के परिजनों को भरमौर प्रशासन की ओर से 25 हजार रुपये की फाैरी राहत प्रदान की गई है।जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह 3:00 बजे के करीब भारी बारिश के चलते हरनू नामक जंगल में देखते ही देखते जल स्तर बढ़ गया। इतने में जुआ नाला भी पूरे उफान पर आ गया। इस दौरान भारी मात्रा में भूमि कटाव और पेड़ गिरने का क्रम शुरू हो गया। लिहाजा, हरनू मेें वन निगम की ओर से कटान करने के लिए पहुंचे नौ लोगों में से एक व्यक्ति पेड़ की चपेट में आ गया। उसके अन्य साथियों ने उसे जैसे-तैसे कर वहां से निकाल कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और उपचार के लिए तहसील उपमंडल होली की तरफ लाने लगे लेकिन घायल ने बीच रास्ते ही दम तोड़ दिया। वहीं, जुआ नाले का पानी धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए मच्छेतर गांव की तरफ बढ़ने लगा। मच्छेतर गांव से ठीक ऊपर जल विद्युत परियोजना का लोडर पार्क किया गया था। पानी के तेज प्रवाह से वह औंधे मुंह गिर गया। इससे पानी का बहाव दूसरी तरफ हो गया। हालांकि इस दौरान जलविद्युत परियोजना को भारी नुकसान हुआ है। कंपनी के टिपर, एंबुलेंस, लोडर, डंपर सहित अन्य मशीनरी को भारी नुकसान पहुंचा है।
जुआ नाले में बहकर आई लकड़ी, मलबे और पत्थरों की वजह से खड़ामुख-होली मार्ग अल सुबह वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची लोक निर्माण विभाग की मशीनरी ने सुबह 9:00 बजे मार्ग को यातायात के लिए बहाल करवाकर राहत प्रदान की। एडीएम नरेंद्र चौहान ने बादल फटने की पुष्टि की है। उन्होंने लोगों से बारिश के बीच घरों से जरूरी काम होने पर निकलने की अपील की है।