भूरि सिंह संग्रहालय में रोजमर्रा के काम में जुटा एक कामगार घायल हो गया है। कामगार सीढ़ी के सहारे संग्रहालय की इमारत में काम कर रहा था। अचानक वह अनियंत्रित होकर नीचे आ गिरा।
सीढ़ियों से गिरने की वजह से कामगार की टांग टूट गई है। कामगार की पहचान सुरेंद्र कुमार निवासी हरदासपुरा के रूप में हुई है। हादसे के बाद संग्रहालय में मौजूद अन्य कर्मचारी उसे क्षेत्रीय अस्पताल ले आए। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे टांडा रेफर कर दिया गया है।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विशाल महाजन ने बताया कि हादसे के बाद घायल को प्राथमिक उपचार दिया गया है। उसके जरूरी परीक्षण होने हैं जिसके लिए टांडा जाना पड़ेगा। उधर, हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना से पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर कामगार के बयान दर्ज किए हैं। हादसे के लिए सुरेंद्र कुमार ने किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है।
सुरेंद्र कुमार ने बताया कि वह काम कर रहा था तो अचानक ही नीचे आ गिरा। उसे उसके बाद कुछ होश नहीं रहा और आसपास मौजूद लोग उसे उठा कर अस्पताल ले आए। हादसे की खबर मिलते ही घायल का परिवार भी अस्पताल पहुंच गया।