चुराह घाटी की सेईकोठी पंचायत के ओला गांव में एक महिला ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है। महिला की पहचान ठाकुरी देवी पत्नी कर्म चंद के रूप में हुई है।
ठाकुरी देवी का पति सेना में कार्यरत है और पुलिस ने महिला के भाई के बयान पर उसके ससुर व पति के खिलाफ प्रताड़ित करने व आत्महत्या को मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। महिला के ससुर लैैहणु राम को गिरफ्तार कर लिया है। महिला के पति को गिरफ्तार करने के लिए भी पुलिस आगामी कदम उठा रही है। जानकारी अनुसार ठाकुरी देवी ने सोमवार रात को जहर खा लिया जिसके बाद उसकी हालत खराब होने लगी।
ठाकुरी देवी के भाई मोहन लाल ने पुलिस को बताया कि उसके भांजे का फोन आने पर वह अपनी बहन के घर पहुंचा तो उसकी बहन की मौत हो चुकी थी। मोहन लाल ने बताया कि करीब 12 साल पूर्व उसकी बहन की शादी कर्म चंद से हुई थी। शादी के चार-पांच साल बाद दोनों में टकराव रहने लगा था। ठाकुरी देवी का पति और ससुर दोनों उसे प्रताड़ित करते थे। जिसकी वजह से वह अक्सर परेशान रहती थी और इसी परेशानी के चलते उसने आत्महत्या की है। पुलिस ने महिला के भाई के बयान के आधार पर भादंसं की धारा 306 व 34 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू की है।
उधर, डीएसपी चंबा बीर बहादुर ने बताया कि मामला काफी संगीन है। शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। जिसमें उसकी मौत की असली वजह का पता चल जाएगा। अगर महिला की मौत षड्यंत्र का नतीजा है कि तो दोषियों को ढूंढ कर निकाला जाएगा।